पश्चिम एशिया में बढ़ते हमलों के चलते कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में उछाल के बीच हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख बेंचमार्कों सेंसेक्स और निफ्टी 50 में 1 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
बाजार बंद होने पर सेंसेक्स 989.33 अंक यानी 1.17 प्रतिशत गिरकर 83,339.26 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 277.30 अंक यानी 1.07 प्रतिशत फिसलकर 25,607.20 पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 83,208.33 का निचला स्तर बनाया, तो वहीं निफ्टी एक समय 25,565.90 के स्तर तक लुढ़क गया था।
निफ्टी में सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में श्रीराम फाइनेंस, बजाज ऑटो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस और टीसीएस शामिल रहे, जिनमें करीब 2.5 से 5 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। इसके विपरीत बीईएल, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाइटन, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एसबीआई लाइफ, ओएनजीसी और इंडिगो के शेयरों में मजबूती देखी गई और ये प्रमुख लाभ कमाने वाले शेयरों में रहे।
व्यापक बाजारों ने इस दौरान प्रमुख बेंचमार्कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.10 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.56 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
सेक्टरवार प्रदर्शन की बात करें तो निफ्टी आईटी इंडेक्स में 1.88 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी में 1.43 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो में 1.48 प्रतिशत और निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 1.12 प्रतिशत की गिरावट आई। दूसरी ओर, निफ्टी केमिकल और निफ्टी मेटल दोनों में 1.4-1.4 प्रतिशत, निफ्टी मीडिया में 0.53 प्रतिशत तथा निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.26 प्रतिशत की तेजी रही।
बाजार विश्लेषकों के अनुसार, अगले हफ्ते की शुरुआत यह तय करने में अहम होगी कि शुक्रवार की यह गिरावट किसी बड़े करेक्शन में बदलती है या फिर यह महज एक अस्थायी कंसोलिडेशन (बाजार का ठहराव) बनकर रह जाती है।